

न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
मुंबई :बिजनेसमैन और सोना कॉमस्टार कंपनी के चेयरमैन संजय कपूर का गुरुवार को इंग्लैंड में निधन हो गया। वह 53 साल के थे। सोना कॉमस्टार ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि सुजॉय कपूर का निधन हार्ट अटैक आने से हुआ है। सोना कॉमस्टार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “गहरे दुख के साथ सूचित किया जाता है कि सुजॉय जे. कपूर, जो सोना कॉमस्टार के चेयरमैन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे, का 12 जून 2025 को इंग्लैंड, यूके में अचानक हार्ट अटैक से 53 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।”
गौरतलब है कि सुजॉय कपूर, एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति थे। दोनों की शादी 2003 में हुई थी। उनकी एक बेटी समायरा और बेटा कियान है। साल 2014 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक की अर्जी दी और 2016 में तलाक फाइनल हुआ। इसके बाद 2017 में संजय ने मॉडल प्रिया सचदेव से शादी की। प्रिया और सुजॉय का एक बेटा अजारियस है और संजय, प्रिया की पहली शादी से हुई बेटी सफीरा को भी साथ रखते थे।
सुजॉय की मौत की खबर के बाद बॉलीवुड से कई सितारे करिश्मा से मिलने उनके घर पहुंचे। करीना कपूर और उनके पति सैफ अली खान भी करिश्मा के घर पहुंचे। इसके अलावा मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा भी देर रात करिश्मा के घर पहुंचीं।सुजॉयकपूर, दून स्कूल के छात्र रहे हैं और पोलो खेल के बड़े प्रेमी थे। वह अपनी पोलो टीम ‘ऑरियस’ के संरक्षक थे और घटना के समय वो ‘सुझान’ टीम के खिलाफ मैच खेल रहे थे। ‘सुझान’ टीम होटल व्यवसायी जैसल सिंह की है।

बता दें कि अपने निधन से कुछ ही घंटे पहले सुजॉय कपूर ने सोशल मीडिया पर अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर दुख जताया था।सुजॉय कपूर की मौत से कुछ घंटे पहले एक्स पर उनका आखिरी पोस्ट था, “अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की खबर दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन घड़ी में शक्ति प्रदान करे।”