
जी-7 शिखर सम्मेलन से वापस लौटे पीएम मोदी, बोले– विश्व मंच पर प्रस्तुत किया भारत का दृष्टिकोण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली से आज सवेरे नई दिल्ली वापस आ गए हैं। प्रधानमंत्री ने इस यात्रा को सार्थक बताया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण जी-7 शिखर सम्मेलन था, जहां उन्होंने विश्व मंच पर भारत के दृष्टिकोण को प्रस्तुत किया।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा में जी-7 संगठन के अंतर्गत प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर सार्थक बातचीत हुई। मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले देशों के साथ भारत की साझेदारी प्रगाढ़ हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जून को G-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए इटली पहुंचे थे. लगातार तीन दिन G-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद वो 15 जून को भारत वापस आ गए हैं.
G-7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से भी मुलाकात की. इस दौरान दोनों देश के नेताओं ने कई अहम मुद्दों पर बात की. इसी बीच सोशल मीडिया पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ पीएम मोदी की सेल्फी भी खूब वायरल हो रही है.
इस सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस, तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैय्यब एर्दोआन, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला से मुलाकात की. इस बार जी-7 शिखर सम्मेलन में सात देश अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली, जर्मनी, कनाडा और जापान ने हिस्सा लिया था. इटली के निमंत्रण पर इस बार सम्मलेन में अल्जीरिया, अर्जेंटीना, ब्राजील, भारत, जॉर्डन, केन्या, मॉरिटानिया, ट्यूनीशिया, तुर्किये और संयुक्त अरब अमीरात मेहमान के तौर हिस्सा लिया था.
उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है लगातार तीसरे कार्यकाल में मेरी पहली यात्रा जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए इटली की है। आउटरीच सत्र में चर्चा के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, उर्जा, अफ्रीका और भूमध्य सागर पर फोकस किया गया।