
न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश में खालिदा जिया की पार्टी बीएनपी की बड़ी जीत पर उनके बेटे को बधाई दी है। बांग्लादेश में 20 साल बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की जीत हुई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा है कि बांग्लादेश में मेरे सभी भाइयों और बहनों, सभी लोगों को मेरी तरफ से दिल से बधाई। उन सभी को मेरी तरफ से रमजान की एडवांस मुबारकबाद।
इस बड़ी जीत के लिए, तारिक-भाई और सभी पार्टियों को मेरी तरफ से बधाई। दुआ है, आप सब ठीक और खुश रहें। दुआ है कि बांग्लादेश के साथ हमारे रिश्ते हमेशा अच्छे रहें।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट साझा की है। बांग्लादेश में बीएनपी की बड़ी जीत के बाद अब तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना तय माना जा रहा है। बांग्लादेश में 35 साल बाद कोई पुरुष प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठेगा। बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के गिरने के बाद मोहम्मद यूनुस को कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनाया गया था। खालिदा जिया के निधन के बाद बांग्लादेश में हुए चुनावों में बीएनपी बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। गौरतलब हो कि बांग्लादेश में अपदस्थ किए जाने के बाद से शेख हसीना भारत में रह रही हैं।
गौरतलब है कि बीएनपी ने 299 सदस्यों वाले सदन में 200 से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया है। सदन में बहुमत के जरूरी आंकड़ा 150 सीटों का है। जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन को 70 से अधिक सीटें मिली हैं। 17 साल बाद बांग्लादेश लौटे तारिक रहमान दो सीटों से चुनाव लड़े थे। दोनों ही सीटों पर तारिक रहमान विजयी हुए हैं। बांग्लादेश में 1988 में काजी जफर अहमद प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद पीएम की कुर्सी शेख हसीन और खालिदा जिया के हाथों में रहीं। बीएनपी आवामी लीग के गढ़ में जीती है।