तेजस्वी,तेज प्रताप, सम्राट चौधरी,खेसारी लाल और मैथिली समेत कई दिगज्जो की किस्मत भी दांव पर

न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार मंगलवार शाम थम गया। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों के लिए वोटिंग होगी। इनमें नीतीश कैबिनेट के 16 मंत्रियों के अलावा तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, सम्राट चौधरी, अनंत सिंह, मैथिली ठाकुर की किस्मत भी दांव पर है।
पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जिलों में वोटिंग होगी। इस फेज में 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें कई हाई-प्रोफाइल सीटें हैं।
पहले चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैबिनेट के 16 मंत्रियों की किस्मत दांव पर है। इनमें बीजेपी कोटे से 11 और जेडीयू कोटे से 5 मंत्री शामिल हैं। भाजपा के मंत्रियों में मंगल पांडे (सीवान), नितिन नवीन (बांकीपुर), सम्राट चौधरी (तारापुर), विजय कुमार सिन्हा (लखीसराय), जीवेश मिश्रा (जाले), संजय सरावगी (दरभंगा शहरी) और सुनील कुमार (बिहारशरीफ) शामिल हैं। वहीं जेडीयू के प्रमुख मंत्रियों में विजय कुमार चौधरी (सराय रंजन), श्रवण कुमार (नालंदा), मदन सहनी (बहादुरपुर) और महेश्वर हजारी (कल्याणपुर) हैं।
वीआईपी सीटों का हाल
तारापुर: इस सीट पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मैदान में हैं। आरजेडी के अरुण कुमार साह से उनकी सीधी टक्कर मानी जा रही है। जन सुराज के संतोष कुमार सिंह भी चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं।
राघोपुर: आरजेडी की पारिवारिक सीट मानी जाती है। इस बार यहां से राजद नेता तेजस्वी यादव तीसरी बार मैदान में हैं। तेजस्वी ने यहां 2015 और 2020 में भाजपा के सतीश कुमार को हराया था। एनडीए की तरफ से सतीश यादव उन्हें चुनौती दे रहे हैं तो जनसुराज के चंचल कुमार भी सामने हैं।
मोकामा: यह सीट इस वक्त जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या और जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी को लेकर काफी चर्चा में है। यहां दो बाहुबलियों की टक्कर है। एक तरफ अनंत सिंह तो दूसरी तरफ आरजेडी के टिकट पर सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी हैं।
अलीनगर: इस सीट पर बीजेपी ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला आरजेडी के विनोद मिश्रा से माना जा रहा है। बीजेपी उनकी लोकप्रियता को वोट में बदलने की कोशिश में है। मैथिली का यह पहला चुनाव है।
छपराः छपरा सीट से मशहूर भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। यहां उनका मुकाबला बीजेपी की छोटी कुमारी के साथ माना जा रहा है।
लखीसराय: बिहार के दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से 2010 से लगातार विधायक हैं। 2020 में उन्होंने कांग्रेस के अमरेश कुमार को हराया था। इस बार भी विजय सिन्हा के सामने अमरेश कुमार मैदान में हैं।
महुआ: लालू यादव द्वारा पार्टी और परिवार से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव महुआ से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी टक्कर आरजेडी विधायक मुकेश रोशन से मानी जा रही है। एनडीए की तरफ से एलजेपी के संजय कुमार सिंह ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।
बेगूसराय: कभी वामपंथ का गढ़ रही इस सीट पर 2020 में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। इस बार बीजेपी के कुंदन कुमार का मुकाबला कांग्रेस की अमिता भूषण से है।
बांकीपुर: यह पटना की शहरी सीट है, जहां बीजेपी के नितिन नवीन लगातार जीतते रहे है।उन्हें चुनौती देने के लिए आरजेडी ने रेखा गुप्ता को उतारा है।
दरभंगा शहरी: मिथिलांचल की इस प्रमुख सीट से बीजेपी के राजस्व मंत्री संजय सरावगी मैदान में हैं। उन्हें चुनौती देने के लिए जन सुराज ने पूर्व आईपीएस आरके मिश्रा और मुकेश सहनी की पार्टी ने उमेश सहनी को उम्मीदवार बनाया है।