इंडिया गठबंधन की नेता बनाने की दी सलाह

न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
कोलकाता : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार रहे संजय बारू ने पीएम मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी को हराने के लिए इंडिया गठबंधन का नया फॉर्मूला बताया है। उन्होंने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों को इंडिया गठबंधन का नेतृत्व पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को सौंपने की सलाह दी है।
पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपने नेताओं के बयानों में उलझती जा रही है। केरल को लेकर मणिशंकर अय्यर का बयान से गरमाई राजनीति अभी शांत भी नहीं हुई है और अब पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सलाहकार रहे संजय बारू ने ममता बनर्जी की तारीफ कर दी है। उनका बयान ऐसे समय में आया है कि अगले दो महीने के भीतर पश्चिम बंगाल चुनाव होने हैं, जहां कांग्रेस सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के मुकाबले में अकेले चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। संजय बारू ने ममता बनर्जी को सेल्फ मेड लीडर बताते हुए उन्हें इंडिया गठबंधन का नेतृत्व सौंपने की वकालत की है। एक अंग्रेजी दैनिक में लिखे अपने एक लेख में संजय बारू ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का कॉम्बिनेशन सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह जैसा नहीं है। बारू ने राष्ट्रीय राजनीति में बीजेपी से मुकाबले के लिए ममता बनर्जी को इंडिया गठबंधन का नेता बनाने की वकालत की। इसके समर्थन में उन्होंने लिखा कि ममता बनर्जी एक पॉलिटिकल पार्टी और सरकार दोनों का नेतृत्व करने वाली एकमात्र महिला हैं। वह राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर नेताओं की मौजूदा पीढ़ी से अलग हैं।
बारू ने लिखा है कि सत्तारूढ़ बीजेपी एक पुरुष-प्रधान पार्टी है। एक महिला राजनीतिक नेता के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन बीजेपी के महिला वोट बैंक में सेंध लगा सकती है। उन्होंने सेल्फ-मेड और पहली पीढ़ी की लीडर बताते हुए लिखा कि बहुत समय हो गया, जब हमें कोई महिला प्रधानमंत्री मिली है। इंदिरा गांधी अब तक भारत की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री रही हैं। संजय बारू का यह विचार पर टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने एक्स पर समर्थन करते हुए लिखा कि एक आइडिया जिसका समय आ गया है।
गौरतलब है कि इसके पहले कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने केरल के तिरुवनंतपुरम में इंडिया ब्लॉक के नेतृत्व के लिए तमिलनाडु के सीएम स्टालिन को सबसे योग्य नेता बताया था। अय्यर ने कहा था कि इंडिया ब्लॉक को मजबूत करने के लिए सबसे अच्छे आदमी डीएमके के बॉस एमके स्टालिन है। अय्यर ने भी अपने पक्ष में तर्क रखते हुए कहा था कि राहुल गांधी भारत के प्रधानमंत्री बन सकते हैं, बशर्ते कोई नेता अपना सारा समय इंडिया ब्लॉक को मज़बूत करने में लगाए।