मुंबई से सटे ठाणे में कोरोना ने ली एक और जान

मुंबई: महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना वायरस अपने पैर पसार रहा है। मुंबई से सटे ठाणे शहर में 21 साल के एक नौजवान की कोविड संक्रमण से 24 घंटे के भीतर मौत हो गई। यह मामला थाने के मुंब्रा इलाके का है, जहां युवक को गंभीर हालत में छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक को टाइप-1 डायबिटीज (हेवी शुगर) थी, जो पहले से ही उसकी हालत को नाजुक बना रही थी। भर्ती के समय की गई जांच में उसके कोविड पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई और अगले ही दिन सुबह उसकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सिर्फ शुक्रवार को महाराष्ट्र में 45 नए कोविड केस सामने आए, जिनमें से 35 अकेले मुंबई में दर्ज किए गए। राज्य में अब तक 210 एक्टिव केस हैं और इस साल जनवरी से अब तक 6819 लोगों की जांच की गई है। इनमें से 81 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि तीन की मौत हो चुकी है।
थाने शहर में बीते तीन दिनों में 19 नए कोविड मरीज मिले हैं। इनमें 17 को होम क्वारंटाइन किया गया है, एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। हालांकि महानगरपालिकाएं अलर्ट मोड में हैं, लेकिन राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक नहीं हुई है।
थाने महानगरपालिका के एडिशनल कमिश्नर संदीप मालवी ने पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की हालत अस्पताल में भर्ती होते समय ही बेहद गंभीर थी। कोरोना संक्रमण ने उसकी स्थिति को और बिगाड़ दिया और आखिरकार उसकी जान चली गई।
इस घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि कोरोना को हल्के में लेना अब भी खतरनाक हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग और आम नागरिकों दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।