राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 साल पूरे

पीएम मोदी बोले-संघ को कई बार कुचलने की कोशिश हुई
आप नेता संजय सिंह ने किया RSS से कुछ तीखे सवाल

न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
नयी दिल्ली :राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 साल पूरे होने के मौके पर दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष रूप से डिजाइन किया गया स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने वहां मौजूद लोगों को संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि संघ के स्वयंसेवकों ने कभी कटुता नहीं दिखाई। चाहे प्रतिबंध लगे या साजिश हुई हो। सभी का मंत्र रहा है कि जो अच्छा है, जो कम अच्छा, सब हमारा है। इस दौरान मंच पर संघ के सर-कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी मौजूद रहे।

बता दें कि इस साल विजयदशमी से लेकर 2026 विजयदशमी तक संघ शताब्दी वर्ष मनाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि संघ के स्वयंसेवक जो लगातार देश सेवा में जुटे हैं। समाज को सशक्त कर रहे हैं, इसकी भी झलक इस डाक टिकट में है। मैं इसके लिए देश को बधाई देता हूं। पीएम मोदी डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमें संघ जैसे संगठन का शताब्दी वर्ष देखने को मिल रहा है। उन्होंने स्वयंसेवकों शुभकामनाएं दीं और संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार को श्रद्धांजलि अर्पित की
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हर स्वयंसेवक ने छुआछूत के खिलाफ लड़ाई लड़ी। संघ की विचारधारा में कोई भी हिंदू छोटा या बड़ा नहीं है। हर आपदा के बाद स्वयंसेवक आगे आए हैं। कोरोना काल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने लोगों की मदद की। संघ ने एक कुआं, एक मंदिर और एक श्मशान की बात कही है। हर स्वयंसेवक भेदभाव के खिलाफ लड़ रहा है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि इस महान पर्व पर 100 साल पहले RSS की स्थापना का कोई संयोग नहीं था। ये हजारों साल की परंपरा का पुनरुत्थान था, जिसमें राष्ट्र चेतना समय समय पर उस युग की चुनौतियों का सामना करने के लिए नए अवतारों में प्रकट होती है। संघ उसी अनादि राष्ट्र चेतना का पुण्य अवतार है।

संजय सिंह ने किया RSS से कुछ तीखे सवाल
RSS के 100 साल पूरे होने पर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने किया RSS से कुछ तीखे, कड़वे और सच्चे सवाल–100 सालों में 1 भी RSS प्रमुख दलित, पिछड़ा, आदिवासी क्यों नहीं बना? जिन्ना की मुस्लिम लीग के साथ मिलकर तुम्हारे आकाओं ने सरकार क्यों बनाई ? आजादी के आंदोलन में क्रांतिकारियों की मुखबिरी क्यों की ? संघ के लोगों को अंग्रेजों की सेना में भर्ती क्यों कराया ? भारत की आन बान और शान तिरंगे झंडे का विरोध क्यों किया ? RSS के मुख्यालय पर 52 साल तक तिरंगा क्यों नहीं फहराया? जो राष्ट्र के नहीं हुए, हम उनके नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *