रोहिणी ने भी तेजप्रताप के बाद किया लालू परिवार से किनारा

न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
पटना :बिहार चुनाव के नतीजे आते ही लालू परिवार में टूट शुरू हो गया है। लालू यादव को 2022 में अपनी किडनी देने वाली उनकी बेटी रोहिणी आचार्य का परिवार से मोहभंग हो गया। उन्होंने परिवार और पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया है। रोहिणी सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी दी है।बीते तीन महीने से लालू परिवार के भीतर पावर क्लेश चल रहा है। पहले ये विवाद तेजप्रताप और तेजस्वी के बीच हुआ। इसके बाद मीसा-रोहिणी और तेजस्वी के बीच विवाद की खबरें सामने आई। हालांकि लालू यादव के हस्तक्षेप के बाद चुनाव के दौरान मामला ठंडा रहा।

अब चुनाव बीतते ही पारिवारिक कलह खुल कर सामने आ गई है। तेजप्रताप के बाद अब रोहिणी भी खुल कर तेजस्वी के खिलाफ मुखर हो गई हैं। भीतर खाने चर्चा है कि बड़ी मीसा भी बहुत जल्द कोई बड़ा एक्शन ले सकती है।
कौन हैं लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य?
बिहार चुनाव के नतीजे आने के 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक्स (X) पर पोस्ट लिखकर कहा कि वे राजनीति छोड़ रही हैं और अपने परिवार से भी नाता तोड़ रही हैं। यह वही रोहिणी हैं जिन्होंने पिछले साल अपने पिता को किडनी दी थी।रोहिणी ने अपनी पोस्ट में संजय यादव और रमीज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दोनों ने उन्हें राजनीति और परिवार से दूर होने की सलाह दी थी। पहले उनकी पोस्ट में सिर्फ राजनीति छोड़ने की बात थी, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने अपनी पोस्ट एडिट कर इन दोनों के नाम जोड़ दिए।
यह भी बताया जाता है कि रोहिणी का संजय यादव से काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। बिहार अधिकार यात्रा के दौरान भी दोनों के बीच की दूरी लोगों ने महसूस की थी।सितंबर में भी रोहिणी ने ऐसी पोस्ट डाली थी, जिसमें उन्होंने लिखा था कि उन्हें किसी पद की लालसा नहीं है और उनका आत्मसम्मान सबसे ऊपर है। तब माना गया था कि वे परिवार से थोड़ा अलग हो रही हैं। हालांकि चुनाव के दौरान उन्होंने खुलकर तेजस्वी यादव के पक्ष में प्रचार किया था, लेकिन नतीजों के बाद उनका रुख एकदम बदल गया।