रविशंकर प्रसाद ने उनके नाम की घोषणा की
राज्य विधानसभा चुनाव बनेगा एक चुनौती

न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
कोलकाता।बंगाल भाजपा को नया अध्यक्ष मिल गया है। हालांकि न्यूज़ बॉक्स ने उनके बंगाल भाजपा अध्यक्ष बनने की जानकारी कल ही अपने पाठको को दे दी थी। राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य को आधिकारिक तौर पर बंगाल भाजपा का अध्यक्ष घोषित किया गया है।साइंस सिटी में दोपहर में आयोजित अभिनंदन समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री व बंगाल भाजपा अध्यक्ष चुनाव के केंद्रीय प्रभारी रविशंकर प्रसाद ने उनके नाम की घोषणा की और उन्हें अध्यक्ष पद पर चुने जाने का प्रमाण पत्र सौंपा।
शमिक निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं। अध्यक्ष की कमान संभालते ही शमिक ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को बंगाल की सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया है।साइंस सिटी में गाजे-बाजे के साथ हजारों कार्यकर्ताओं व नेताओं ने उनका स्वागत किया। अभिनंदन समारोह में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, बंगाल भाजपा के केंद्रीय प्रभारी सुनील बंसल व मंगल पांडेय समेत राज्य से पार्टी के तमाम सांसद, विधायक व अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
गौरतलब है कि शमिक को बंगाल भाजपा की कमान ऐसे समय में मिली है, जब राज्य में अगले साल की शुरुआत में ही विधानसभा चुनाव होने हैं। शमिक भट्टाचार्य स्कूल छात्र के तौर पर आरएसएस की शाखाओं में भाग लेते थे। बाद में वह एबीवीपी में शामिल हो गए और इसी क्रम में उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत हुई। 90 के दशक में वह भारतीय जनता युवा मोर्चा का हिस्सा बने।
शमिक ने 2006 में श्यामपुकुर विधानसभा सीट और 2014 में बशीरहाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़े, लेकिन हार गए। लेकिन उसी साल बशीरहाट दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में उनकी जीत हुई। शमिक भट्टाचार्य का जानकार बताते हैं कि उन्होंने कभी भी पार्टी में किसी की शिकायत नहीं की। भाजपा प्रवक्ता के तौर पर उन्होंने एक शानदार भूमिका निभायी लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अब अगले साल उनका मुकाबला सीधे ममता बनर्जी की TMC से होगा। शमिक भट्टाचार्य का राजनैतिक कद बढ़ेगा या कैसा रहेगा ये अगले वर्ष विधानसभा के परिणाम तय करेंगे।