पश्चिम बंगाल में ED की बड़ी कार्रवाई,
ईडी ने पूछताछ के लिए जारी किया समन

न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
नयी दिल्ली/कोलकाता :पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय ने सोना पप्पू उर्फ बिस्वजीत पोद्दार से जुड़े मामले में अपनी जांच तेज कर दी है। इस केस में तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं की भूमिका सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है।ईडी ने इस मामले में दो लोगों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। हावड़ा के ज्वाइंट कमिश्नर गौरव लाल और भूमाफिया जॉय कामदार को कल कोलकाता स्थित ईडी दफ्तर में पेश होने के लिए बुलाया गया है।
सोना पप्पू, जो कोलकाता का एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर माना जाता है, उसके ठिकानों पर हाल ही में ईडी ने छापेमारी की थी। इस कार्रवाई के दौरान एक पिस्टल और भारी मात्रा में नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई थी।सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में कई टीएमसी नेताओं की संलिप्तता के संकेत मिले हैं, जिसके चलते वे भी जांच एजेंसी के रडार पर हैं।
इससे पहले 1 अप्रैल को ईडी ने कोलकाता में बड़ी कार्रवाई करते हुए सोना पप्पू उर्फ बिस्वजीत पोद्दार से जुड़े 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इन ठिकानों में उसके आवास और व्यावसायिक परिसर के अलावा बाबू सोना उर्फ राहुल दास, सन ग्रुप और जॉय कामदार से जुड़े स्थान शामिल थे।ईडी की इस कार्रवाई को पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।