कोलकाता पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर शर्मिष्ठा पनोली को भेजा जेल

इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करना पड़ा महंगा


कोलकाताः इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को कोलकाता पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले गई और कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने शर्मिष्ठा पनोली को 13 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की थी जिसे कोर्ट से नामंजूर कर दिया।
गौरतलब है कि शर्मिष्ठा पनोली पर आरोप है कि शर्मिष्ठा ने ऑपरेशन सिंदूर पर बॉलीवुड कलाकारों की चुप्पी को लेकर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो में बोलते समय उन्होंने एक विशेष धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। शिकायत मिलने के बाद कोलकाता पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद युवती और उसके परिवार को नोटिस भेजे गए। इसके बाद कोलकाता की एक अदालत ने शर्मिष्ठा पनोली के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। वीडियो अपलोड के बाद युवती को धमकियां मिलने लगीं। विवाद बढ़ता देख शर्मिष्ठा पैनोली ने वीडियो डिलीट कर दिया और इसके लिए माफी भी मांगी। हालांकि, अब कोलकाता पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

कौन है शर्मिष्ठा पनोली और क्या है पूरा मामला ?
पुणे लॉ यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली शर्मिष्ठा पनोली के सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं। उनमें से एक पाकिस्तान से भी है। इस पाकिस्तानी फॉलोअर ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद शर्मिष्ठा पनोली से सवाल पूछा था। शर्मिष्ठा ने 14 मई को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए उस सवाल का जवाब दिया था। इसी वीडियो में उन्होंने एक विशेष धर्म को लेकर टिप्पणी की थी।जैसे ही यह वीडियो शेयर हुआ, एक विशेष धर्म के लोगों में आक्रोश फैल गया। पाकिस्तान और भारत के कई मुस्लिम यूज़र्स ने मिलकर शर्मिष्ठा पनोली के खिलाफ एफआईआर की मांग की। कुछ यूज़र्स ने तो उन्हें रेप और गर्दन काटने की धमकी तक दे डाली। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर धमकियों की बाढ़ आ गई। पनोली ने इन धमकियों के स्क्रीनशॉट भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर किए। शर्मिष्ठा ने वीडियो अपने अकाउंट से डिलीट करके माफीनामा भी पोस्ट किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *