67 स्थलों पर पूजा की व्यवस्था
148 कृत्रिम तालाब और 403 चेंजिंग रूम तैयार

न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
मुंबई:मुंबई में आगामी छठ पूजा उत्सव के मौके पर भक्तों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण में पूजा करने की सुविधा मिले, इसके लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका BMC ने व्यापक इंतज़ाम किए हैं। महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी और अतिरिक्त आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी के निर्देशानुसार मुंबई शहर और उपनगरों में विभिन्न सुविधाएँ मुहैया कराई जा रही हैं।
67 पूजा स्थल और 148 कृत्रिम विसर्जन तालाब
इस वर्ष मुंबई शहर और उपनगरों में कुल 67 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। भीड़भाड़ और समुद्र किनारों पर दबाव कम करने के लिए 148 कृत्रिम विसर्जन तालाब टंकियाँ तैयार की गई हैं। पिछले साल छठ पूजा सिर्फ 40 स्थान का निर्माण किया गया था। कृत्रिम तलाब की बात करें सर्वाधिक तालाब घाटकोपर (एन विभाग) में 44, दहिसर (आर उत्तर) में 22 और कांदिवली (आर दक्षिण) में 16 हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पूजा स्थलों और कृत्रिम तालाबों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है।
एकल खिड़की प्रणाली और समन्वय अधिकारी
छठ पूजा आयोजित करने वाले मंडलों और संस्थाओं के लिए “वन-विंडो सिस्टम” के माध्यम से आवश्यक अनुमति और समन्वय की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक विभाग में समन्वय अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो पुलिस और ट्रैफिक विभाग के साथ समन्वय सुनिश्चित करेंगे।
स्वच्छता और निर्माल्य प्रबंधन पर विशेष ध्यान
महानगरपालिका ने सभी पूजा स्थलों पर अतिरिक्त स्वच्छता कर्मचारी, कचरा वाहन और फॉगिंग की व्यवस्था की है। साथ ही, पूजा स्थलों पर निर्माल्य कलश, अस्थायी शौचालय, टेबल, कुर्सियाँ और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
403 चेंजिंग रूम और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था
भक्तों की सुविधा के लिए 403 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। सभी स्थलों पर पुलिस बंदोबस्त, ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस और BMC के बीच निरंतर समन्वय रहेगा। छठ पूजा स्थलों पर पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों की भी व्यवस्था की गई है। अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण करेंगे कि सभी तैयारियाँ सही ढंग से लागू हो रही हैं।