शव को घर में बंद कर पिता हरिद्वार में जाकर रहने लगा
खौफनाक मंजर देखकर लोग हैरान

न्यूज़ बॉक्स संवाददाता
मेरठ (उ. प्र) शहर के सदर बाजार क्षेत्र में दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है । यहां पिछले चार महीने से बंद पड़े एक मकान से शुक्रवार रात 35 साल की युवती का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है । बताया जा रहा है कि युवती की मौत के बाद उसका पिता शव को घर में ही छोड़कर फरार हो गया और हरिद्वार जाकर गुमनामी की ज़िंदगी जीने लगा । वहीं आरोपी पिता और उसकी बेटी की जब कई महीनों से कोई खबर नही मिली तो रिश्तेदार परेशान हो गए । उन्होंने युवती के पिता से फोन पर सम्पर्क किया लेकिन फोन रिसीव नही किया गया । घर पर ताला लगा मिला । आसपास पता किया लेकिन कोई सुराग हाथ नही लगा । उसकी तलाश की जाने लगी । वहीं शुक्रवार को पिता मेरठ में बेगम बाग कॉलोनी में एक चाय की दुकान पर बैठा मिला तो उसे उसके भतीजे ने देखा और अन्य रिश्तदारों को बुलाया । पिता से उसकी बेटी के बारे पूछा तो उसने कहा कि बेटी तो बीमार है और देहरादून में एक हॉस्पिटल में भर्ती है । शक होने उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने जो सच बताया उसे सुनकर सबके पैरों के तले मानो ज़मीं खिसक गई ।
पिता ने बताया कि उसकी बेटी की 4 माह पहले दिसंबर 2025 में बीमारी के चलते मौत गई । इसके बाद से ही उसका घर में पड़ा हुआ है । पिता ने ये भी बताया कि बेटी की मौत के बाद वो डर गया था और बहुत दुखी था इसीलिए वो घर मे ताला लगाकर चला गया । पिता के इस खुलासे के बाद रिश्तेदारों ने पुलिस को 112 पर सूचना दी । सूचना मिलने पर पुलिस ने घर पहुँचकर ताला खुलवाया और घर के भीतर जाकर देखा तो युवती का सड़ा गला शव बरामद किया गया । शव से तेज दुर्गंध आ रही थी । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं और पिता को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ करने में जुट गई । इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है ।सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया युवती के पिता से पूछताछ की जा रही है । आरोपी पिता को कस्टडी में लेकर उससे और पूछताछ की जा रही है ।

दरअसल,मूलरूप से बंगाल का रहने वाले उदय भानु बिस्वास सदर बाजार क्षेत्र के तेली मौहल्ले में बेटी प्रियंका बिस्वास के साथ रहता था । उदय भानु पहले यूपी बोर्ड में नौकरी करता था । जबकि बेटी प्रियंका बिस्वास प्राइवेट टीचर थी । बताया जा रहा है कि प्रियंका को काला पीलिया की बीमारी लग गई थी । उदय भानु ने उसका इलाज भी कराया था । उदय भान झाड़ फूंक में भी विश्वास रखता था । बेटी के इलाज के लिए झाड़ फूंक भी कराई । लेकिन बेटी की दिसंबर माह में मौत हो गई । उदय भान ने खुद अपने रिश्तेदारों और पुलिस को बताया कि प्रियंका की मौत के बाद वो डर गया औऱ दुखी होकर उसकी लाश को घर में ही छोड़कर घर में ताला लगाकर हरिद्वार में जाकर रहने लगा था ।वहीं इस मामले में अभी कई सवाल है जिनका जवाब मिलना बाकी है । पुलिस लगातार पिता उदय भानु से पूछताछ कर रही है । पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है ।